Read Time:1 Minute, 21 Second
चमोली। चमोली बाजार स्थित शराब की दुकान पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूलने के आरोप सामने आए हैं। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि दुकान पर विभिन्न ब्रांड की शराब की बोतलों पर अंकित अधिकतम खुदरा मूल्य से 10 से 40 रुपये तक अधिक राशि ली जा रही है।
उपभोक्ता आकाश ने बताया कि उन्होंने एक हाफ बोतल खरीदी, जिस पर 415 रुपये मूल्य अंकित था, लेकिन उनसे 440 रुपये वसूले गए। वहीं हरेंद्र फरस्वाण का कहना है कि उन्होंने सिग्नेचर ब्रांड का क्वार्टर खरीदा, जिस पर 250 रुपये प्रिंट रेट था, जबकि उनसे 260 रुपये लिए गए।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि दुकान पर लंबे समय से ओवररेटिंग का खेल चल रहा है, जिससे उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। लोगों ने आबकारी विभाग और जिला प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।


