Read Time:2 Minute, 2 Second
चमोली।सीमांत क्षेत्र नीती घाटी महादेव के दर्शनों के लिए इन दिनों आस्था का जनसैलाब उमड़ रहा है। वर्तमान शीतकालीन यात्रा के दौरान प्रतिदिन 500 से 1000 श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पहुँच रहे हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और सीमांत क्षेत्रों में पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से *पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने नीती घाटी का दौरा किया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने टिम्मरसैंण महादेव पहुँचकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं से सीधा संवाद किया। उन्होंने यात्रियों से यात्रा मार्ग की स्थिति, सुरक्षा और ठहरने की व्यवस्थाओं के बारे में फीडबैक लिया। श्रद्धालुओं ने बाबा बर्फानी के दर्शन के अनुभव साझा किए और पुलिस की उपस्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
आगामी अप्रैल माह में नीती घाटी में एक भव्य अल्ट्रा मैराथन का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की महत्ता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और पुलिस चौकियों की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। मैराथन के रूट और सुरक्षा मानकों को देखते हुए सुराईथोटा और मलारी चौकियों का निरीक्षण किया गया। एसपी चमोली ने स्पष्ट किया कि इस मार्ग पर पड़ने वाली प्रत्येक पुलिस चौकी की भूमिका सबसे अहम होगी।


