केदारनाथ/बद्रीनाथ।प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने सोमवार को श्री केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और उन्नति की प्रार्थना करने के साथ ही विश्व को वैश्विक संकटों से मुक्ति दिलाने की कामना की। धाम पहुंचने पर मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने पारंपरिक तरीके से उनका स्वागत किया।
दर्शन के बाद कैबिनेट मंत्री ने दोनों धामों में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि इस वर्ष भी चारधाम यात्रा रिकॉर्ड स्तर पर चल रही है और राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा के लिए पूरी तरह मुस्तैद है। देवभूमि उत्तराखंड की आध्यात्मिक ऊर्जा पूरे विश्व को सकारात्मक संदेश देती है। इस मौके पर उनकी पुत्रवधू आराध्या रावत एवं मोहिना रावत भी उनके साथ मौजूद रहीं।
पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए उनकी संस्था ‘मानव उत्थान सेवा समिति’ के माध्यम से 10 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा कराया गया है।
प्रीमियम का भुगतान बीमा प्रीमियम की ₹3,67,995 (सेवाकर सहित) की धनराशि का चेक बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के माध्यम से ‘यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड’ को सौंप दिया गया है। इसके तहत प्रत्येक धाम बद्रीनाथ, केदारनाथ आदि के लिए ₹2.50 करोड़ की दुर्घटना बीमा राशि निर्धारित की गई है।
महाराज ने कहा मंदिर परिसर में भगदड़, ईश्वरीय जोखिम, प्राकृतिक आपदा और आतंकवादी जोखिम की स्थिति में प्रभावित प्रत्येक श्रद्धालु को ₹1 लाख की सहायता राशि दी जाएगी।


