स्वावलंबन की ओर बढ़ा नगर पंचायत का कदम, पथ प्रकाश, सफाई, कूड़ा प्रबंधन और एंबुलेंस संचालन पर खर्च हो रही धनराशि
गोपेश्वर। विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में तीर्थयात्रियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर पंचायत ने स्वावलंबन की दिशा में एक प्रभावी मॉडल विकसित किया है। ईको पर्यटन शुल्क से मिलने वाली आय अब धाम की व्यवस्थाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रही है। इस मद से जुटाई गई धनराशि का उपयोग पथ प्रकाश, सफाई, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, विकास कार्यों और एंबुलेंस संचालन जैसी आवश्यक सुविधाओं पर किया जा रहा है।
नगर पंचायत बदरीनाथ की ओर से वर्ष 2022 में जारी गजट अधिसूचना के बाद धाम में प्रवेश करने वाले वाहनों से ईको पर्यटन शुल्क वसूला जा रहा है। इसके तहत चारपहिया वाहन से 60 रुपये, टेंपो ट्रैवलर एवं मिनी बस से 100 रुपये, बस से 120 रुपये तथा हेलीकॉप्टर से एक हजार रुपये प्रति प्रवेश शुल्क निर्धारित किया गया है। शुल्क से प्राप्त राजस्व को धाम की स्वच्छता, पर्यटन सुविधाओं और व्यवस्थाओं के विस्तार पर खर्च किया जा रहा है। इसके अलावा यात्रा सीजन में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और बैरियर संचालन का खर्च भी इसी मद से वहन किया जाता है।
धाम में प्रतिवर्ष बढ़ती तीर्थयात्रियों और वाहनों की संख्या को देखते हुए शुल्क भुगतान को आसान बनाने के लिए नगर पंचायत ने वर्ष 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था भी शुरू की। इससे वाहनों को शुल्क भुगतान के दौरान होने वाली परेशानी कम करने और व्यवस्था को सुचारु बनाने में मदद मिली है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि चालू वर्ष में ईको पर्यटन शुल्क से नगर पंचायत को कुल 1 करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये की आय हुई है। इसमें वाहनों से 1 करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये तथा अन्य मदों से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये प्राप्त हुए हैं।
उन्होंने बताया कि इस आय से बदरीनाथ धाम में बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विस्तार को मजबूती मिल रही है। नगर पंचायत का यह राजस्व आधारित मॉडल न केवल धाम की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में सहायक साबित हो रहा है, बल्कि अन्य नगर निकायों के लिए भी स्वावलंबन और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग की एक मिसाल बन रहा है।

