चमोली। विकासखंड ज्योतिर्मठ की ग्राम पंचायत पगनों में आई भीषण आपदा के कारण पांच परिवारों का विस्थापन हो चुका है, जबकि कई अन्य परिवार अब भी खतरे की जद में हैं। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए सोमवार को ग्रामीणों ने जिलाधिकारी गौरव कुमार को ज्ञापन सौंपकर प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत उपलब्ध कराने की मांग की।
भाजपा युवा मोर्चा चमोली के जिला मीडिया प्रभारी एवं वन पंचायत सरपंच सूरज राणा तथा भाजपा नेता राजेंद्र सिंह भंडारी के नेतृत्व में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से मुलाकात कर कहा कि आपदा प्रभावित पांचों परिवारों की पत्रावलियां जिला आपदा कार्यालय में उपलब्ध कराकर उन्हें जल्द से जल्द नियमानुसार सहायता राशि प्रदान की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने प्रशासन से यह भी मांग की कि खतरे की जद में रह रहे अन्य परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं तथा स्थिति का तत्काल आकलन कर उचित कार्रवाई की जाए।


