डोईवाला।नगर पालिका परिषद डोईवाला ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए विद्यार्थियों के लिए विशेष शैक्षिक भ्रमण आयोजित किया। सरस्वती विद्या मंदिर कोटी के छात्र-छात्राओं को केशवपुरी स्थित एमआरएफ (मैटीरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर ले जाया गया, जहां उन्हें कचरा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी दी गई।
एमआरएफ सेंटर में बच्चों को बताया गया कि प्रतिदिन नगर क्षेत्र से एकत्र होने वाला कचरा किस प्रकार अलग-अलग चरणों से गुजरता है। अधिकारियों ने समझाया कि यदि कचरा स्रोत पर ही पृथक कर दिया जाए तो उसे पुनः उपयोग या जैविक खाद में बदलना आसान हो जाता है। जैविक कचरे से खाद निर्माण की प्रक्रिया को देखकर छात्रों ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के बीच के संबंध को बेहतर ढंग से समझा।
पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता पैदा करना समाज में स्थायी बदलाव लाने का माध्यम है। जब बच्चे स्वयं जिम्मेदारी समझते हैं, तो पूरा परिवार स्वच्छता से जुड़ता है।
नगर पालिका अधिशासी अधिकारी एम.एल. शाह ने बताया कि पालिका का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि लोगों को कचरा प्रबंधन के वैज्ञानिक तरीकों से जोड़ना है। इसी सोच के तहत विद्यालयों को जोड़कर लगातार जागरूकता कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।
मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि कचरे का सही पृथक्करण और जैविक खाद निर्माण से शहर स्वच्छ रहने के साथ-साथ पर्यावरण भी सुरक्षित रहता है। उन्होंने बच्चों से आग्रह किया कि वे स्वच्छता के इस संदेश को अपने आसपास फैलाएं।
इस मौके पर सुपरवाइजर नीरज कुमार, सुरेंद्र कुमार, विपिन, दिनेश, अंकुल, आकाश सहित विद्यालय के शिक्षक और पर्यावरण मित्र मौजूद रहे।
नगर पालिका की पहल पर छात्रों ने सीखा कचरा प्रबंधन का जिम्मेदार तरीका
Read Time:2 Minute, 40 Second


