जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बहुउद्देशीय शिविर में 200 से अधिक ग्रामीणों को मिला योजनाओं का लाभ
चमोली। मुख्यमंत्री उत्तराखण्ड के निर्देशानुसार प्रदेश में आम जनमानस को केन्द्र सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने तथा जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को उत्कृष्ट राइका रडुवा चांदनी खाल में बहुद्देशीय शिविर का आयोजन हुआ।
इस शिविर के माध्यम से विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभागीय स्टालों के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को केन्द्र व राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन, शिकायत एवं समस्याओं का निस्तारण किया गया।
शिविर के दौरान ग्रामीणों द्वारा पोखरी गोपेश्वर मोटर मार्ग में डामरीकरण एवं सुरक्षा की दृष्टि से सेफ्टी रेलिंग के कार्यो,मोहन खाल मोटर मार्ग को किमोडी चोपता मार्ग से जोडने,ग्राम प्रधान रडुवा ने ग्राम पंचायत मैं मिनी स्टेडियम निमार्ण, श्मशान घाट सीसी मार्ग, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की स्थापना,ग्राम पंचायत किमोठा आवारा पशु के संरक्षण हेतु गौशाला इसके अलाव ग्रामीणों द्वारा गांव में कचरा निस्तारण व्यवस्था सुदृढ़ किए जाने का भी आग्रह किया गया। साथ ही कृषि भूमि में जंगली जानवरों द्वारा फसल क्षति की शिकायत रखते हुए प्रभावित भूमि पर घेरबाड़ (फेंसिंग) किए जाने का अनुरोध किया गया।जिस पर जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर जन सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्रवाई करने के निदेश विभागीय अधिकारिंयो को दिए।
जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि इन शिविरों का प्रमुख उद्देश्य प्रशासन को सीधे ग्रामीणों तक पहुँचाकर उनकी समस्याओं को मौके पर ही सुनना तथा उनका शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में प्रतिभाग करें, अपनी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखें तथा विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने यह भी आश्वस्त किया कि मुख्यमंत्री द्वारा सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़ी प्रत्येक समस्या के त्वरित समाधान हेतु सदैव सजग एवं तत्पर रहने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से शासन की योजनाओं को सीधे दूरस्थ क्षेत्रों तक पहुँचाना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा जनसमस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।

