पीपलकोटी। चमोली जनपद के पीपलकोटी स्थित हिमालयन चिल्ड्रन एकेडमी का वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर स्कूली बच्चों ने अपनी शानदार प्रतिभा से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि दशोली ब्लॉक प्रमुख विनीता देवी और नगर पंचायत पीपलकोटी की अध्यक्ष आरती नवानी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने अतिथियों के स्वागत में मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पहाड़ी लोक संस्कृति और समसामयिक विषयों पर आधारित इन कार्यक्रमों की दर्शकों ने खूब सराहना की,समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने कहा”छात्र जीवन में शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक और पाठ्येतर गतिविधियों का विशेष महत्व है। ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में मील का पत्थर साबित होते हैं।”
विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक सुरजीत पंवार चमोली ने विद्यालय के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पीपलकोटी जैसे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलने से अभिभावकों का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि बेहतर शिक्षा और सुविधाओं के माध्यम से ही क्षेत्र में पलायन जैसी गंभीर समस्या को नियंत्रित किया जा सकता है।
विद्यालय के प्रबंधक गौरव फर्स्वाण ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य की चुनौतियों को देखते हुए ही इस संस्थान की स्थापना की गई है। उनका लक्ष्य क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना है ताकि उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार किया जा सके।
इस अवसर पर भाजपा नेता नंदन बिष्ट,भगत बिष्ट कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष नंदा नगर सुखबीर रौतेला,अध्यक्ष, व्यापार संघ दीपक राणा,मनोज कुमार, दीपक पंत,अंकित सिंह, जगदीश सिंह,अयोध्या हटवाल, तारेंद्र थपलियाल,मुकुल बिष्ट योगेंद्र बिष्ट,विपिन फर्स्वाण,मोहन नेगी,उषा रावत भरत राणा,बृजलाल,राकेश सेजवाल आदि लोग बड़ी संख्या में अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


