पीपलकोटी। हाट-सियासैंण, मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद छह दिनों तक चले सर्च एवं रेस्क्यू अभियान में जहां विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों ने दिन-रात जुटकर लापता श्रमिकों की तलाश की, वहीं स्थानीय स्तर पर कई लोगों ने भी अभियान में महत्वपूर्ण सहयोग दिया। जिन्होंने रेस्क्यू टीमों को निःशुल्क आवास उपलब्ध कराने के साथ ही आवश्यक उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए स्थान उपलब्ध कराया।
मायापुर निवासी प्रभाकर भट्ट, पुत्र स्व. अनुसूया प्रसाद भट्ट, रुद्राक्ष लॉज तथा मुकेश पंत, पुत्र स्व. चक्रधर प्रसाद पंत, आरुषि पैलेस ने आपदा की इस घड़ी में रेस्क्यू टीमों के लिए अपने होटलों में बिना किसी शुल्क के कमरे उपलब्ध कराए। इसके अलावा अभियान में इस्तेमाल किए जा रहे महत्वपूर्ण उपकरणों को सुरक्षित रखने के लिए भी होटल परिसर में स्थान दिया।
रेस्क्यू अभियान के दौरान कठिन परिस्थितियों के बीच दोनों होटल स्वामियों का यह सहयोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटी टीमों के लिए महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने बिना किसी स्वार्थ के प्रशासन और रेस्क्यू टीमों का साथ देते हुए मानवीय संवेदना की मिसाल पेश की।
चमोली पुलिस ने दोनों होटल स्वामियों के सहयोग और सेवाभाव की सराहना करते हुए उनके योगदान को आपदा की घड़ी में इंसानियत की मिसाल बताया।


