पीपलकोटी। छोटी काशी स्थित पावन शिव मंदिर में शुक्रवार को प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार 251 किलो घी का विशेष दीप प्रज्वलित किया गया। तमिलनाडु से पहुंचे गुरु तिरु ज्ञानेंद्र महाराज के नेतृत्व में 15 श्रद्धालुओं ने संध्याकाल में अखंड ज्योति के समक्ष दीप प्रज्वलित कर भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
मंदिर में वर्ष 2004 से प्रत्येक वर्ष 21 अगस्त को विशेष दीप प्रज्वलित करने की परंपरा चली आ रही है। गुरु तिरु ज्ञानेंद्र महाराज ने बताया कि वर्ष 1999-2000 में पहली बार छोटी काशी पहुंचने पर उन्हें इसी मंदिर में आध्यात्मिक ज्ञान और प्रेरणा मिली थी। इसके बाद उन्होंने तमिलनाडु लौटकर अपने भक्तों को छोटी काशी और इस पवित्र स्थल के महत्व से अवगत कराया। तभी से प्रतिवर्ष उनके साथ श्रद्धालुओं का दल यहां पहुंचता है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में छोटी काशी को प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक धाम के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। यहां भव्य शिवालय के साथ ज्ञानालय और वाचनालय स्थापित करने की योजना है, ताकि क्षेत्र में आध्यात्मिक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष आरती नवानी, बंड संगठन अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी, पूर्व अध्यक्ष एवं संरक्षक अतुल साह, नरेंद्र पोखरियाल, मुकेश गैरोला, सत्य प्रकाश कोठियाल, पूर्व महामंत्री विजय प्रसाद मलासी, मनोरमा चौधरी, शिव प्रसाद पोखरियाल समेत क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
दीप प्रज्वलन के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम में संगम गणेशन, मनीकिंदा बालकृष्णन, मणिकंदन बालाकृष्णन, गौरी मणिकंदन, मणिकंदन बालचंद्र, लीला और अरुण समेत तमिलनाडु से आए श्रद्धालु भी शामिल रहे।


