गोपेश्वर।चारधाम यात्रा के दौरान देश-विदेश से भारी संख्या में श्री बद्रीनाथ धाम पहुंच रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर है। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अत्यधिक ऊंचाई वाले इस क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर पंचायत बद्रीनाथ को एक अत्याधुनिक हाईटेक जीवन रक्षक एम्बुलेंस सौंपी गई है। यह एम्बुलेंस श्री संपूर्ण देव स्थल मंदिर, जयपुर ट्रस्ट की ओर से दान की गई है।
रविवार को चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने वर्चुअल माध्यम से हरी झंडी दिखाकर इस हाईटेक एम्बुलेंस का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने इसे चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के लिए एक मील का पत्थर और महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और त्वरित चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित एवं थानाध्यक्ष बद्रीनाथ नवनीत भंडारी के विशेष प्रयास रंग लाए हैं। इन अधिकारियों के समन्वय से जयपुर ट्रस्ट की ट्रस्टी अल्का पांडे के सहयोग से यह बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा धाम को मिल सकी है।
यह हाईटेक एम्बुलेंस आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। गंभीर मरीजों के तत्काल उपचार और सुरक्षित परिवहन के लिए इसमें सभी आधुनिक चिकित्सा उपकरण लगाए गए हैं, आपातकालीन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए इस एम्बुलेंस में अलग से डीप फ्रीजर मोर्चरी की भी विशेष सुविधा दी गई है। प्रारंभिक चरण में इस एम्बुलेंस का मुख्य उपयोग गंभीर मरीजों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को बिना समय गंवाए हायर मेडिकल सेंटर तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए किया जाएगा।
संचालन की व्यवस्था नगर पंचायत बद्रीनाथ द्वारा इस हाईटेक सेवा का संचालन ‘इको पर्यटक शुल्क’ के माध्यम से किया जाएगा, ताकि यात्रा अवधि में यह स्वास्थ्य सेवा बिना किसी बाधा के निरंतर और प्रभावी रूप से काम कर सके।
इस ऐतिहासिक शुभारंभ के अवसर पर पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद उनियाल, पंडा पंचायत अध्यक्ष प्रवीण ध्यानी, समस्त आश्रम प्रतिनिधि गौरव पंच भैया, साधु सुधा आश्रम से ऋषि आनंद, सद्गुरु आश्रम से विनोदानंद स्वामी, मस्तनाथ आश्रम से गंगई नाथ, डॉ. निखिल कुमार, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बद्रीनाथ के नर्सिंग ऑफिसर संपूर्णानंद सहित नगर पंचायत का समस्त स्टाफ मौजूद रहे।


