चमोली।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को जनपद चमोली के बिरही (बेडूबगड़) में आयोजित तीन दिवसीय जनजाति समागम के समापन समारोह में प्रतिभाग किया। दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने भोटिया समुदाय की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नमन किया, मुख्यमंत्री ने सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बताया कि जनजातीय छात्र-छात्राओं को प्राथमिक से स्नातकोत्तर तक छात्रवृत्ति, बेटियों के विवाह हेतु 50 हजार रुपये की सहायता और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग जैसी योजनाएं धरातल पर उतारी जा रही हैं। उन्होंने टिम्मरसैंण महादेव और हीरामणि मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण के लिए जारी बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि होम स्टे योजना के माध्यम से अकेले चमोली में 4 हजार से अधिक लोग स्वरोजगार से जुड़ चुके हैं।
जहाँ पारंपरिक परिधानों में सजी महिलाओं ने उनका भव्य स्वागत किया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज सदियों से हमारी परंपराओं और प्रकृति का संरक्षक रहा है और सीमांत क्षेत्रों में रहने वाले हमारे ये भाई-बहन वास्तव में देश के ‘सजग प्रहरी’ हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज को वोट बैंक की राजनीति से बाहर निकालकर विकास की मुख्यधारा से जोड़ा गया है, जिसके तहत जनजातीय बजट को तीन गुना बढ़ाकर शिक्षा, स्वास्थ्य और आजीविका के नए द्वार खोले गए हैं। प्रदेश के 128 गांवों को ‘प्रधानमंत्री जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान’ के तहत चिन्हित कर वहां बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने की घोषणाएं
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनजाति समागम समारोह में कई तोहफे भी दिए।
-नीति घाटी भोटिया जनजाति के शीतकालीन प्रवास एवं अन्य भूमि संबंधी मामलों का निस्तारण होगा।
– बेडूबगड़ भोटिया पड़ाव में सामुदायिक भवन का निर्माण।
-चिपको नेत्री गौरा देवी जी की प्रतिमा एवं पार्क निर्माण किया जाएगा।
-बैरासकुंड मंदिर का सौंदर्यीकरण होगा।
– बेडूबगड़ पड़ाव की भूमि को सुरक्षित करने के लिए कार्य किया जाएगा।
कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, कर्णप्रयाग विधायक अनिल नौटियाल, मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती सहित जिले के तमाम उच्चाधिकारी और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

