सेना के बैंड, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास के बीच संपन्न हुआ यात्रा का समापन
चमोली। श्री हेमकुंड साहिब और श्री लोकपाल लक्ष्मण मंदिर के कपाट शनिवार को विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इसके साथ ही वर्ष 2026 की यात्रा का समापन हो गया। इस वर्ष रिकॉर्ड 3,84,500 से अधिक श्रद्धालुओं ने हेमकुंड साहिब पहुंचकर मत्था टेका।
कपाट बंद होने के अवसर पर सुखमणी साहिब का पाठ, शबद-कीर्तन और अंतिम अरदास हुई। इसके बाद पंज प्यारों की अगुवाई में गुरु ग्रंथ साहिब को सेना के बैंड की धुनों के बीच सचखंड साहिब में सुशोभित किया गया।
यात्रा के अंतिम दिन पाकिस्तान से आए 40 सदस्यीय सिख श्रद्धालुओं के जत्थे सहित देश-विदेश से पहुंचे श्रद्धालु इस धार्मिक आयोजन के साक्षी बने। 23 मई से शुरू हुई यात्रा में दुर्गम पर्वतीय मार्गों और मौसम की चुनौतियों के बावजूद रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

