चमोली। मां नंदा की डोली के साथ हजारों श्रद्धालु दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर आस्था की कठिन डगर तय कर रहे हैं। बारिश, फिसलन, खड़ी चढ़ाई और संकरे पैदल रास्तों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर चमोली पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। यात्रा के आगामी पड़ावों में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पुलिस ने थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में बांटकर पुलिस बल की तैनाती की है।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो में नंदा जात यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और जवानों की ब्रीफिंग की। उन्होंने मौसम और यात्रा मार्ग की विषम परिस्थितियों को देखते हुए जवानों को हर स्तर पर सतर्क रहने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

डोली के साथ कदम से कदम मिला रहे जवान
पांच सितंबर से शुरू हुई मां नंदा जात यात्रा में तीनों देव डोलियों के साथ पुलिस और एसडीआरएफ के जवान भी लगातार चल रहे हैं। दुर्गम पैदल रास्तों, खड़ी चढ़ाई-उतराई और बारिश के बीच जवान श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता पार कराने में सहयोग कर रहे हैं। जोखिम वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
एक जोन, चार सेक्टर और भारी पुलिस बल तैनात
यात्रा मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था के लिए थराली क्षेत्र को एक जोन और चार सेक्टरों में विभाजित किया गया है। यहां एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक व अपर उपनिरीक्षक, 128 हेड कांस्टेबल एवं कांस्टेबल, 14 महिला कांस्टेबल और यातायात पुलिस के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आईआरबी की दो प्लाटून, एसडीआरएफ की तीन टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार की टीमें भी यात्रा व्यवस्था में लगाई गई हैं।
बारिश ने बढ़ाई चुनौती, फिसलन वाले रास्तों पर नजर
एसपी सुरजीत सिंह पंवार ने कहा कि मां नंदा जात यात्रा आस्था और परंपरा से जुड़ी बेहद महत्वपूर्ण यात्रा है। वर्तमान में बारिश का मौसम होने के कारण कई स्थानों पर रास्ते फिसलन भरे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच श्रद्धालुओं की सुरक्षा बड़ी चुनौती है। उन्होंने अधिकारियों और जवानों को मौसम तथा मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि यात्रा में शामिल प्रत्येक श्रद्धालु सुरक्षित रहे और कठिन रास्तों को पार कर सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचे।
ब्रीफिंग में अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक राजेश शाह, पुलिस उपाधीक्षक सुशील रावत, एसडीओ जुगल किशोर, तहसीलदार थराली अक्षय पंकज, प्रधानाचार्य दिगपाल सिंह गड़िया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


