बदरीनाथ।बदरीनाथ धाम स्थित प्रसिद्ध ब्रह्मकपाल तीर्थ में गुरुवार को तीर्थ पुरोहितों ने एकजुट होकर शासन-प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत, पुरोहितों ने अपनी बाहों पर काली पट्टी बांधकर ऑनलाइन ठगी और क्षेत्र में सक्रिय असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कर्मकांड कराए जाने पर कड़ा विरोध दर्ज कराया।
पुरोहितों का आरोप है कि कुछ असामाजिक तत्व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सहारा लेकर फर्जी वीडियो बना रहे हैं और ब्रह्मकपाल के नाम पर श्रद्धालुओं से ऑनलाइन पूजा के लिए अवैध वसूली कर रहे हैं। इस डिजिटल जालसाजी के खिलाफ तीर्थ पुरोहित पंचायत समिति ने पुलिस महानिदेशक, एसपी चमोली और थानाध्यक्ष बदरीनाथ को लिखित शिकायत दी थी, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई न होने से पुरोहितों में गहरा रोष है।
समिति के अध्यक्ष उमेश सती सहित संजय हटवाल और मदन कोठियाल ने बताया कि ऑनलाइन ठगी के अलावा कुछ बाहरी तत्व तप्त कुंड और गांधी घाट के समीप यात्रियों को भ्रमित कर कर्मकांड करा रहे हैं। पुरोहितों का कहना है कि पुलिस की शिथिलता के कारण इन तत्वों के हौसले बुलंद हैं।
इस विरोध प्रदर्शन में प्रमोद हटवाल, गौरव हटवाल, हरीश सती, रमेश कोठियाल, शैलेंद्र हटवाल समेत भारी संख्या में पुरोहित मौजूद रहे।


