देहरादून। भाजपा ने सभी पार्टियों से निकाय से जुड़ी संवैधानिक प्रक्रिया को समझने और राजनैतिक बयानबाजियों से बचने की सलाह दी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जनता का रुझान बताता है कि निकाय चुनाव जब भी होंगे, भाजपा की एकतरफा जीत निश्चित है। सरकार पहले ही प्रवर समिति की रिपोर्ट के बाद शीघ्र विशेष सत्र की बात कह चुकी है ऐसे में अपनी हार के लिए कांग्रेस का उतावलापन कतई उचित नहीं है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी जानती है कि ओबीसी आरक्षण को लेकर आयोग की रिपोर्ट के मद्देनजर ही निगम और निकाय के एक्ट में संशोधन विधेयक विधानसभा में प्रस्तुत किया गया था। चूंकि कई विधायकों को इसमें कुछ आपत्ति थी लिहाजा इसे प्रवर समिति को सोपा गया है। सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि शीघ्र ही प्रवर समिति की रिपोर्ट आने के बाद विशेष सत्र बुलाकर इसे पारित किया जाएगा।
विधेयक पास होने के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ओबीसी आरक्षण का नोटिफिकेशन जारी कर उस पर आपत्तियां व सुझाव मांगे जाएंगे। उन्होंने कांग्रेस पर अति उत्साह में जनता को भ्रमित करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि निकाय चुनाव जब भी होंगे भाजपा की जीत निश्चित है। हम पिछली बार 7 में से 5 नगर निगम महापौर सीट रिकार्ड मतों से जीते थे। लेकिन इस बार भाजपा सरकार के कार्यों को लेकर जनता में जबरदस्त उत्साह है, जिसके चलते पार्टी सभी नगर निगमों में कमल खिलाने जा रही है। इसी तरह राज्य की 99 नगर निकायों में से अधिकांश निकाय में भी भाजपा का जीतना निश्चित है।
वहीं कांग्रेस पार्टी समेत तमाम विपक्ष लगातार हार के बाद निकायों में अपने निम्नतम स्तर पर है। लिहाजा उनके लिए यह चुनाव एक मौका पाने की कोशिश भर है। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस को निकाय चुनावों में अपनी करारी हार के लिए इतना उतावलापन दिखाना उचित नहीं है।


