चट्टान से गिरकर घायल हुई दूध देने वाली गाय को ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से पहुंचाया घर, एकता और पशु प्रेम की पेश की प्रेरणादायक मिसाल
ज्योतिर्मठ (चमोली)। पहाड़ के गांवों में आज भी आपसी भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना कितनी मजबूत है, इसकी एक प्रेरणादायक तस्वीर उर्गम घाटी के ग्राम भेठा से सामने आई है। यहां ग्रामीणों ने एक बेजुबान पशु की जान-माल की चिंता करते हुए ऐसा सामूहिक प्रयास किया, जिसने इंसानियत और सामाजिक एकता की मिसाल पेश की है।
ग्रामीण पुष्कर सिंह ने बताया ग्राम भेठा निवासी ओम प्रकाश ममगाईं की दूध देने वाली गाय अचानक चट्टान से नीचे गिर गई। इस हादसे में गाय के दोनों आगे के पैरों में गंभीर चोटें आ गईं, जिसके चलते वह चलने-फिरने में असमर्थ हो गई। विषम भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम रास्ते के कारण घायल गाय को घर तक पहुंचाना ग्रामीणों के सामने बड़ी चुनौती थी।
ऐसे मुश्किल वक्त में ग्रामीणों ने एकजुट होकर गाय को सुरक्षित घर पहुंचाने का जिम्मा उठाया। ग्रामीणों ने लकड़ियों की सहायता से पारंपरिक तरीके से (स्ट्रेचर/डोली) तैयार की। इसके बाद सामूहिक प्रयास करते हुए घायल गाय को डोली में रखकर करीब दो किलोमीटर की कठिन दूरी पैदल तय की और सुरक्षित उसके घर पहुंचाया।
इस मानवीय पहल में चन्द्रशेखर पवार, हर्षवर्धन फरस्वाण, महेन्द्र सिंह, भोला सिंह, बादर सिंह और सचिन चौहान सहित अन्य ग्रामीणों ने सहयोग किया।

