बोले- राहुल गांधी और कांग्रेस को लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए, जनता देगी जवाब
श्रीनगर।भाजपा की ओर से शनिवार को श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकाली गई। पदयात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण का संदेश देते हुए नारेबाजी की।
पदयात्रा में शामिल गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कांग्रेस और इंडी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा कि अराजकता फैलाकर, संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर और जनता को गुमराह करके लोकतंत्र में विश्वास हासिल नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस को जनादेश का सम्मान करने के साथ ही संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा और लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करना चाहिए।
बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड की जनता लोकतांत्रिक मूल्यों और विकास के प्रति जागरूक है। आगामी विधानसभा चुनाव में भी जनता राजनीतिक दलों के कार्यों, विचारों और नीतियों का मूल्यांकन करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति का जवाब प्रदेश की जागरूक जनता देगी।
उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक और संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए जनता के बीच अपनी बात रखने का आह्वान किया। कहा कि जनभागीदारी, लोकतांत्रिक संवाद और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ पार्टी निरंतर कार्य करती रहेगी।

