गर्भवती महिलाओं को मिलेगी स्थानीय स्तर पर अल्ट्रासाउंड जांच की सुविधा, सस्ती दवाइयां भी होंगी उपलब्ध
चमोली। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नंदानगर में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने थराली विधायक भूपाल राम टम्टा के साथ अल्ट्रासाउंड सेवा और प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र का विधिवत लोकार्पण किया।
जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत बिष्ट ने कहा कि इन सुविधाओं के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए दूरस्थ शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। इससे महिलाओं को समय और आर्थिक खर्च की बचत के साथ स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन औषधि केंद्र के माध्यम से आमजन को सस्ती एवं गुणवत्तापूर्ण दवाइयां उपलब्ध हो सकेंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने के साथ ही दवाइयों पर होने वाले खर्च में भी राहत मिलेगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन चमोली का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति का सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।

