नशाखोरी और हुड़दंग पर अंकुश लगाने के लिए अभियान तेज, युवाओं की काउंसलिंग कर नशे से दूर रहने के लिए किया जागरूक
गोपेश्वर। नगर में नशाखोरी, हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए गोपेश्वर पुलिस ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। पुलिस की टीमें नगर की गलियों से लेकर सुनसान रास्तों तक गश्त कर रही हैं। वहीं, संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन के जरिए भी निगरानी की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखना है।
आमजन और व्यापार मंडल के साथ हुई बैठक में सामने आई समस्याओं और मिले सुझावों के बाद थानाध्यक्ष नवनीत भंडारी के नेतृत्व में सघन सायंकालीन पैदल गश्त अभियान चलाया गया। इसके तहत नगर को अलग-अलग क्षेत्रों में बांटकर पुलिस टीमें तैनात की गईं। प्रमुख चौराहों, संकरी गलियों, सुनसान रास्तों, स्कूल-कॉलेजों के आसपास और सार्वजनिक स्थलों पर गश्त कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर, युवाओं को चेतावनी
गश्त के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में समूहों में एकत्र मिले युवाओं से पूछताछ की गई और उन्हें आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। सार्वजनिक स्थानों पर नशा करने, हुड़दंग मचाने और महिलाओं व छात्राओं पर फब्तियां कसने जैसी गतिविधियों के प्रति सख्त चेतावनी दी गई। साथ ही, युवाओं की काउंसलिंग कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों के बारे में बताया गया और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
नशे की सामग्री बेचने वाली दुकानों की भी जांच
अभियान के तहत पुलिस ने नशे से संबंधित सामग्री बेचने वाली दुकानों की जांच की। प्रतिबंधित सामग्री की बिक्री पर निगरानी रखने के साथ युवाओं के वाहनों की भी चेकिंग की गई। ड्रोन के माध्यम से ऐसे संवेदनशील स्थानों पर नजर रखी गई, जहां युवाओं के समूहों के एकत्र होने और नशे जैसी गतिविधियों की आशंका रहती है।
पुलिस की चेतावनी, अभियान रहेगा जारी
गोपेश्वर पुलिस ने स्पष्ट किया कि नगर में शांति व्यवस्था बिगाड़ने, नशाखोरी करने, महिलाओं से अभद्रता करने और सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, युवाओं को नशे से दूर रखकर सुरक्षित और सकारात्मक भविष्य की ओर प्रेरित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है। नगर में पैदल गश्त और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।


