देहरादून/चमोली। दिल्ली मैराथन के 11वें संस्करण में उत्तराखंड की प्रतिभाशाली धाविका भागीरथी बिष्ट ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक हासिल किया है। 42 किलोमीटर की मैराथन दौड़ में 24 वर्षीय भागीरथी ने 2 घंटे 43 मिनट का समय लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया और प्रदेश सहित चमोली जनपद का नाम रोशन किया।
रविवार को आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच चमोली जिले के वाण गांव की निवासी भागीरथी ने बेहतरीन रणनीति, संतुलित गति और धैर्य का परिचय देते हुए सफलता हासिल की। प्रतियोगिता में उत्तराखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन सराहनीय रहा।
भागीरथी के कोच एवं अंतरराष्ट्रीय मैराथन धावक सुनील शर्मा ने बताया कि भागीरथी ने पूरी दौड़ के दौरान संयम और आत्मविश्वास बनाए रखा। उन्होंने कहा कि कठिन प्रतिस्पर्धा के बावजूद भागीरथी ने अपनी रणनीति पर कायम रहते हुए रेस पूरी की। उल्लेखनीय है कि वह पूर्व में ईरान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन में भी प्रतिभाग कर चुकी हैं तथा देश के विभिन्न हिस्सों में आयोजित कई प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं।

