अधिवक्ता ने डीएम को पत्र सौंपकर पिंजड़ा लगाने और बंदरों को पकड़ने की मांग
गोपेश्वर। चमोली कस्बे में बंदरों के बढ़ते आतंक से स्थानीय लोगों और स्कूली बच्चों में दहशत का माहौल है। वार्ड नंबर 11 में बंदरों के हमले से आए दिन लोगों के घायल होने की शिकायत सामने आ रही है। स्थिति यह है कि अभिभावक बच्चों को अकेले स्कूल भेजने से भी डरने लगे हैं।
समस्या के समाधान की मांग को लेकर अधिवक्ता देवेंद्र गुसाईं ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपा है। उन्होंने कस्बे में तत्काल पिंजड़े लगाने और हमलावर बंदरों को पकड़कर आबादी से दूर जंगल में छोड़ने के लिए वन विभाग को निर्देश देने की मांग की।
अधिवक्ता गुसाईं के अनुसार, इस संबंध में 16 सितंबर 2026 को प्रभागीय वन अधिकारी, बदरीनाथ वन प्रभाग को भी लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती समस्या से स्थानीय लोगों में भय बना हुआ है और किसी बड़ी घटना से पहले ठोस कदम उठाया जाना जरूरी है।
उन्होंने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देने की मांग की है।


