पीपलकोटी। विष्णुगाड़-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के तहत टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड ने परियोजना कार्मिकों और परियोजना प्रभावित परिवारों के लिए हड्डियों के स्वास्थ्य की जांच को लेकर शिविर आयोजित किया। टीएसजीसी डिस्पेंसरी पीपलकोटी में आयोजित शिविर में 156 लोगों की बोन मिनरल डेंसिटी जांच की गई। इनमें 27 महिलाएं और 129 पुरुष शामिल रहे।
शिविर का शुभारंभ महाप्रबंधक आरपी मिश्रा बांध और महाप्रबंधक विद्युत यांत्रिक आरएस राणा सहित विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आरपी मिश्रा ने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए नियमित स्वास्थ्य जांच और जागरूकता बेहद जरूरी है। हड्डियों से जुड़ी समस्याओं की समय रहते पहचान होने पर उचित चिकित्सकीय परामर्श और उपचार के माध्यम से स्वास्थ्य संबंधी जोखिम को कम किया जा सकता है। उन्होंने परियोजना कार्मिकों के साथ स्थानीय परियोजना प्रभावित परिवारों की सहभागिता को सराहनीय बताया।
शिविर में प्रतिभागियों की बोन मिनरल डेंसिटी की जांच, ऑस्टियोपोरोसिस के संभावित जोखिम का आकलन और व्यक्तिगत आहार संबंधी सलाह दी गई। विशेषज्ञों ने हड्डियों को स्वस्थ रखने के लिए नियमित जांच, संतुलित आहार और आवश्यक सावधानियों के प्रति भी लोगों को जागरूक किया।
टीएचडीसीआईएल के अधिकारियों ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य हड्डियों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं की समय रहते पहचान करना है। स्थानीय परियोजना प्रभावित परिवारों को भी जांच सुविधा उपलब्ध कराने से परियोजना और प्रभावित समुदाय के बीच सहभागिता को मजबूती मिली।
शिविर में परियोजना कार्मिकों और स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया।

