दो खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए चयनित, खो-खो और वॉलीबाल में भी विद्यालय की बेटियों का दबदबा
ज्योतिर्मठ। पीएम श्री राजकीय आदर्श बालिका इंटर कॉलेज, ज्योतिर्मठ की बालिकाओं ने खेलों में शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। चंपावत में आयोजित राज्य स्तरीय टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 वर्ग की अंशिका दयाल और अंडर-17 वर्ग की अंशिका नेगी ने अपने-अपने आयु वर्ग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर जीत दर्ज की।
दोनों खिलाड़ियों का चयन अब राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अंशिका दयाल इंदौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी, जबकि अंशिका नेगी नई दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय चैंपियनशिप में प्रदेश की ओर से प्रतिभाग करेंगी।
विद्यालय की खेल प्रतिभाओं ने अन्य खेलों में भी शानदार उपलब्धियां हासिल की हैं। खो-खो में विद्यालय की खिलाड़ी अर्पिता का चयन उत्तराखंड की राज्य टीम में हुआ है। वहीं वॉलीबाल की राज्य टीम में श्रद्धा, सृष्टि भुजवाण, दिया भुजवाण और आशिमा का चयन हुआ है।
विद्यालय की बालिकाओं की इन उपलब्धियों से विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है। शिक्षकों और अभिभावकों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर भी बेहतर प्रदर्शन की शुभकामनाएं दी हैं।

