चमोली।राजकीय प्राथमिक विद्यालय गाड़ी का वार्षिक वार्षिकोत्सव रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लासपूर्वक संपन्न हुआ। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा दी गई मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे बदरीनाथ विधायक लखपत बुटोला ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। बच्चों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा “शिक्षा ही वह एकमात्र हथियार है, जो तुम्हें जीवन के हर संघर्ष में विजयी बनाकर आगे बढ़ने में मदद करेगा। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्यों के प्रति गंभीर रहकर कड़ी मेहनत करनी चाहिए।”
विधायक ने विद्यालय के विकास और ग्रामीणों की मांग पर अपनी विधायक निधि से हरसंभव आर्थिक सहयोग देने की घोषणा भी की।
समारोह के दौरान ग्राम प्रधान मंदोदरी देवी ने गांव की मूलभूत समस्याओं से विधायक को अवगत कराया। वहीं, एसएमसी के अध्यक्ष प्रकाश गड़िया ने विद्यालय परिसर की आवश्यकताओं और समस्याओं को विधायक के सम्मुख रखा, जिस पर विधायक ने शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका रेखा पंवार और सहायक अध्यापिका देवेश्वरी रावत के कुशल नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों के सर्वांगीण विकास पर जोर दिया गया। अतिथियों ने विद्यालय परिवार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के आयोजन बच्चों के आत्मविश्वास को बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होते हैं।
इस अवसर पर सुंदर फर्स्वाण,शांति देवी,पुष्पा देवी,शैलेन्द्र नेगी,सुरजीत बिष्ट,नंदन सिंह गड़िया,विक्रम सिंह झिक्वाण, सचिव गड़िया, राकेश सेंजवाल समेत भारी संख्या में ग्रामीण और अभिभावक उपस्थित रहे।


