ज्योर्तिमठ। उत्तराखंड के सिंचाई सलाहकार समिति के राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल ने आज सीमांत क्षेत्र के सुप्रसिद्ध तीर्थ नृसिंह मंदिर पहुँचकर भगवान नृसिंह के दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने मंदिर में आयोजित प्रातः कालीन अभिषेक पूजा में प्रतिभाग कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और विश्व कल्याण की कामना की।
मंगलवार प्रात: राज्यमंत्री कंडवाल ज्योतिर्मठ स्थित नृसिंह मंदिर पहुँचे, जहाँ मंदिर के पुजारियों और वेदपाठियों ने मंत्रोच्चारण के साथ भगवान नृसिंह का जलाभिषेक एवं विशेष पूजा-अर्चना संपन्न कराई। कंडवाल ने काफी समय मंदिर परिसर में व्यतीत किया और भगवान के ध्यान में लीन रहे।
राज्यमंत्री ऋषि कंडवाल ने कहा कि भगवान नृसिंह की यह पावन भूमि असीम शांति और ऊर्जा का केंद्र है। उन्होंने कहा कि सरकार तीर्थस्थलों के संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। बद्रीनाथ धाम के शीतकालीन प्रवास स्थल के रूप में इस मंदिर का विशेष महत्व है और यहाँ आने वाले श्रद्धालुओं की आस्था अटूट है। मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती की ओर से राज्यमंत्री को भगवान का प्रसाद एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर मंदिर समिति के उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रघुबीर बिष्ट, मोहन नेगी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।


