गोपेश्वर। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित, प्रभावी एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को सभी प्रकरणों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता मिलन में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, विद्युत, स्वास्थ्य, पर्यटन, वन, पेयजल, सड़क संपर्क, पुल निर्माण तथा अन्य जनसुविधाओं से जुड़ी शिकायतें एवं सुझाव प्राप्त हुए।
ग्राम सभा गड़ोरा और किरूली के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त गड़ोरा-किरूली मोटर मार्ग की समस्या उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई अधिकारियों को तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर मार्ग की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ग्राम देवलधार निवासी लक्ष्मी देवी द्वारा प्राथमिक विद्यालय देवलधार में सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग पर अधिशासी अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग को आवश्यकतानुसार सुरक्षा दीवार बनाने के निर्देश दिए गए।
वहीं, ग्राम लासी निवासी नयन सिंह कुँवर की प्रधानमंत्री आवास योजना संबंधी शिकायत पर खंड विकास अधिकारी, दशोली को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
नंदानगर क्षेत्र के निवासी अव्वल सिंह द्वारा जाखणी मुख्य मोटर मार्ग पर पुल निर्माण की मांग रखने पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर लगभग 30 मीटर आरसीसी पुल निर्माण की कार्यवाही आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा इंदु देवी, धर्मेंद्र सिंह, सुशीला देवी, शोभा देवी सहित अन्य ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याएं और सुझाव जिलाधिकारी के समक्ष रखे। जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनशिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता, जवाबदेही और गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके और उन्हें अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, परियोजना निदेशक आनंद सिंह, उपजिलाधिकारी राजकुमार पांडे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

