रिपोर्ट गौरव गोदियाल
कोटद्वार। शिक्षक दिवस के अवसर पर लायंस क्लब कोटद्वार डिग्निटी की ओर से क्षेत्र के शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित करने तथा पूर्व राष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
कार्यक्रम में लायन अनुराधा ने स्वागत उद्बोधन के माध्यम से अतिथियों एवं शिक्षकों का स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एसके खट्टर ने किया।
समारोह में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान और छात्र हित में किए जा रहे कार्यों के लिए छह शिक्षकों को सम्मानित किया गया। सम्मानित शिक्षकों में यतेंद्र प्रसाद गौड़, प्रधानाध्यापक जूनियर हाईस्कूल लालढांग एवं शैलेश मटियानी पुरस्कार से सम्मानित; सविता काला, टीसीजी पब्लिक स्कूल; मीना अधिकारी, बालिका इंटर कॉलेज लैंसडाउन; उमा नेगी, आर्य कन्या इंटर कॉलेज कोटद्वार; अरुण नैथानी, नवयुग पब्लिक स्कूल तथा आशीष रंजन अग्रवाल, डीएवी पब्लिक स्कूल शामिल रहे।
इस अवसर पर सम्मानित शिक्षकों ने कहा कि जीवन में कुछ लक्ष्य ऐसे होते हैं, जिन्हें हर व्यक्ति स्वयं हासिल नहीं कर सकता। शिक्षक वह माध्यम हैं, जिनके मार्गदर्शन से विद्यार्थियों के लिए कठिन से कठिन लक्ष्य की प्राप्ति संभव हो सकती है। शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उन्हें सही दिशा, संस्कार और जीवन में आगे बढ़ने का मार्ग भी दिखाते हैं।
कार्यक्रम में लायंस क्लब कोटद्वार डिग्निटी के अध्यक्ष अवधेश चमोली, सचिव रोबिन सिंह, कोषाध्यक्ष हुकम सिंह नेगी, पीआरओ अरविंद बंसल, आशीष अग्रवाल, रोहित बत्ता, अमित जैन, राजेश फूल, डॉ. आशीष अग्रवाल, प्रशांत रस्तोगी, हितेश मित्तल, बृजेश सिंगल, इंद्रेश भाटिया, पुनीत कंसल सहित क्लब के अन्य सदस्य मौजूद रहे।

