चमोली। सोशल मीडिया पर सेना की वर्दी का रौब दिखाकर युवतियों को प्रेम जाल में फंसाने और फिर उनकी निजी तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल करने वाले एक शातिर अपराधी को चमोली पुलिस ने दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी को महज 24 घंटे के भीतर रुड़की के ढंडेरा क्षेत्र से गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, मामला वर्ष 2024 में शुरू हुआ था जब पीड़िता की फेसबुक के माध्यम से रुड़की निवासी कुलदीप भंडारी से मित्रता हुई। आरोपी ने खुद को सेना में कार्यरत बताकर युवती का विश्वास जीता। वर्ष 2025 में रुड़की रेलवे स्टेशन पर मुलाकात के दौरान आरोपी ने पीड़िता को अपने झांसे में ले लिया, जिसके बाद पीड़िता ने अपनी कुछ निजी फोटो और वीडियो आरोपी के साथ साझा कर दिए।
जल्द ही आरोपी ने अपना असली रंग दिखाना शुरू किया और उन निजी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी। लोक-लाज के डर से पीड़िता ने आरोपी के खाते में 1,00,000 (एक लाख रुपये) ट्रांसफर कर दिए, लेकिन आरोपी की मांगें कम नहीं हुईं।
17 अप्रैल 2026 को पीड़िता द्वारा कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार ने तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश पर BNS की नई धाराओं 78(2), 308(4), व 351(3) के तहत मु.अ.सं. 15/2026 दर्ज किया गया।पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेन्द्र सिंह राणा व प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में गठित टीम ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से 18 अप्रैल को अभियूक्त कुलदीप भंडारी 22 वर्ष पुत्र रमेश सिंह निवासी ढंडेरा, रुडकी जनपद हरिद्धार को गिरफ्तार कर लिया गया।


