बागेश्वर में आयोजित पंचम पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव की जूनियर वर्ग की क्विज प्रतियोगिता में चैंपियन बनी चमोली की टीम
गोपेश्वर (चमोली)। जनपद चमोली के राजकीय इंटरमीडिएट कॉलेज गौणा दशोली के विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय पंचम पर्वतीय बाल विज्ञान महोत्सव में शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले का नाम रोशन किया है। बागेश्वर में आयोजित महोत्सव के जूनियर वर्ग की क्विज प्रतियोगिता में चमोली की टीम ने प्रथम स्थान हासिल कर चैंपियनशिप अपने नाम की।
प्रतियोगिता में राजकीय इंटर कॉलेज गौणा के छात्र सागर सिंह, प्रशांत सिंह और छात्रा रिया ने चमोली जनपद का प्रतिनिधित्व किया। चार चरणों तक चले रोमांचक मुकाबले में चमोली की टीम ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और अंत तक अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए ऐतिहासिक जीत दर्ज की।
इस उपलब्धि से विद्यालय सहित पूरे जनपद में खुशी का माहौल है। विद्यार्थियों की सफलता को उनकी मेहनत, लगन और विज्ञान के प्रति रुचि का परिणाम माना जा रहा है।
विद्यालय के पीटीए अध्यक्ष गजेंद्र सिंह रावत, सीएमसी अध्यक्ष चतुर सिंह बिष्ट, प्रधानाचार्य सुरजीत सिंह बिष्ट और डॉ. प्रताप बिष्ट ने विजेता विद्यार्थियों सहित पूरी टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि विद्यार्थी भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और जनपद का गौरव बढ़ाते रहेंगे।


