नशा मुक्त भारत अभियान के तहत कार्यशाला और जागरूकता रैली आयोजित, नुक्कड़ नाटक से बताए नशे के दुष्प्रभाव
देहरादून। नशा मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, सेलाकुई में जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विद्यालय के 850 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य डीपी थपलियाल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए किया। उन्होंने नशे को युवा पीढ़ी और समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए विद्यार्थियों से इससे दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में संभव संस्था की ओर से नशा उन्मूलन पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसके माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति के स्वास्थ्य, शिक्षा, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को नशे से होने वाले नुकसान की जानकारी देते हुए इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने की अपील की।
उत्तराखंड राज्य बाल कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष मोहन सिंह खत्री ने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को अपने आसपास नशाखोरी रोकने के लिए शत-प्रतिशत प्रयास करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए। परिषद की महासचिव आशा रानी पैन्यूली ने कहा कि बच्चों और युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक रहना जरूरी है।
अभियान के प्रभारी एवं परिषद के आजीवन सदस्य सुनील जोशी ने कहा कि बच्चे समाज के सबसे प्रभावी संदेशवाहक होते हैं। उनकी सहभागिता से नशामुक्ति अभियान को व्यापक स्तर पर सफलता मिल रही है। उन्होंने विद्यार्थियों से इस अभियान का संदेश घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद की संयुक्त सचिव ज्योत्सना खत्री, आनंद मणि सेमवाल, सामाजिक कार्यकर्ता एवं मेंटर रमेश खत्री, किरण खंडूड़ी, विजय लक्ष्मी रावत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे। कार्यक्रम में विनोद थपलियाल, पवन शर्मा, देवेंद्र रावत, जयबीर बर्त्वाल, हरीश राणा, संतोष कुमार और छात्र नायक ऋतिक शर्मा सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहे।


