Read Time:1 Minute, 40 Second
बदरीनाथ।हिंदी सिनेमा के सुप्रसिद्ध और दिग्गज अभिनेता आशुतोष राणा आज भू-बैकुंठ श्री बदरीनाथ धाम पहुंचे, जहां उन्होंने भगवान बदरीविशाल के दरबार में शीश नवाकर मंगलमय दर्शन किए। भगवान के अलौकिक विग्रह के दर्शन कर वे पूरी तरह आत्मविभोर नजर आए।
धाम पहुंचने के बाद अभिनेता आशुतोष राणा ऐतिहासिक बदरिकाश्रम स्थित श्रीशंकराचार्य मठ भी गए। वहां उन्होंने मठ के प्रमुख स्वामी प्रत्यक्चैतन्यमुकुन्दानन्द गिरि जी महाराज से शिष्टाचार भेंट की और उनका पावन आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान स्वामी जी और अभिनेता के बीच आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विषयों पर ज्ञानवर्धक चर्चा भी हुई।
इसके पश्चात, आशुतोष राणा ने श्रीशंकराचार्य मठ में ही पूर्ण सादगी के साथ भगवान का भोजन प्रसाद ग्रहण किया। धाम में उनके आगमन की सूचना मिलते ही स्थानीय श्रद्धालुओं और उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा गया। अपनी इस आध्यात्मिक यात्रा पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए अभिनेता ने बदरीनाथ धाम की पवित्र ऊर्जा और शांति की भूरि-भूरि सराहना की।


