चमोली। आगामी चारधाम यात्रा को सुगम और स्वच्छ बनाने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट ने बद्रीनाथ धाम मार्ग पर जिला पंचायत की परिसंपत्तियों, सफाई व्यवस्था और ग्रामीण बाजारों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने यात्रा मार्ग पर स्थित सार्वजनिक स्थलों, शौचालयों, पेयजल आपूर्ति और यात्रियों के ठहराव की वर्तमान स्थिति को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद कर ली जाएं ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने मार्ग में पड़ने वाले ग्रामीण बाजारों की समीक्षा करते हुए स्वच्छता और सुव्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की बात कही। उन्होंने कहा ये बाजार न केवल श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका का मुख्य आधार भी हैं। इसलिए यहां सफाई और यात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाओं का होना अनिवार्य है।
निरीक्षण के दौरान संबंधित कर्मचारियों और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए गए कि नियमित सफाई और कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित किया जाए,जिला पंचायत की परिसंपत्तियों के रख-रखाव में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दौलत सिंह बिष्ट ने साझा किया कि जिला पंचायत का मुख्य लक्ष्य बद्रीनाथ धाम पहुंचने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित यात्रा अनुभव प्रदान करना है। उन्होंने स्थानीय जनता से भी यात्रा को सफल बनाने के लिए सहयोग की अपील की।


