Read Time:1 Minute, 15 Second
चमोली। ज्योतिर्मठ विकासखंड के पगनों गांव के आपदा प्रभावित परिवारों के विस्थापन तथा काश्तकारी भूमि के नुकसान का उचित मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी ने सोमवार को जिलाधिकारी से मुलाकात की।
इस दौरान उन्होंने आपदा से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि प्रभावितों का शीघ्र एवं सुरक्षित स्थान पर विस्थापन किया जाए तथा उनकी क्षतिग्रस्त काश्तकारी भूमि का नियमानुसार उचित मुआवजा दिया जाए।
मुलाकात के दौरान पगनों गांव के ग्रामीण और जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रभावित परिवारों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।


