धनेश्वरी कीर्तन मंडली की महिलाओं ने भक्ति-संगीत से बांधा समां, दिनभर लगी रही श्रद्धालुओं की भीड़
चमोली। जोशीमठ विकासखंड के पैनखंडा स्थित सिद्धपीठ मां गढ़ी भवानी मंदिर में बसंत नवरात्रि के पहले दिन भक्तिभाव का अद्भुत माहौल देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंची महिलाओं ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर मां भगवती का आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर पीपलकोटी की धनेश्वरी कीर्तन मंडली की महिलाओं—संगीता देवी, सुनीता देवी, भावना, रूचि और राधा देवी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन प्रस्तुत कर माहौल को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। भजनों की मधुर धुनों पर उपस्थित श्रद्धालु भी भाव-विभोर होकर मां की भक्ति में लीन नजर आए।
मंदिर को आकर्षक रूप से फूलों और झालरों से सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव जैसा वातावरण बना रहा। दिनभर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती रही और सभी ने मां भगवती के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।
बसंत नवरात्रि के शुभारंभ के साथ ही क्षेत्र में धार्मिक आस्था और उत्साह का संचार देखने को मिल रहा है। आने वाले दिनों में भी मंदिर में विभिन्न धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।


