18 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित होगा मेला
गोपेश्वर। रानीगढ़ पट्टी क्षेत्र में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध देवराड़ी देवी मेला 2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मेले के सफल आयोजन को लेकर जिला पंचायत सदस्य एवं मेला अध्यक्ष रेखा बिष्ट ने जिलाधिकारी चमोली को ज्ञापन विभिन्न आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने की मांग की है।
मां देवराड़ी देवी का तीन दिवसीय मेला 18 सितंबर से 20 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। मेले में रानीगढ़ क्षेत्र के ग्रामीणों की भागीदारी के साथ-साथ ग्रामीण महिला मंगल दलों, सांस्कृतिक दलों एवं विद्यालयों के छात्र-छात्राओं की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। मेले में क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं दर्शक पहुंचते हैं।
मेला आयोजन समिति ने मेले के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए संबंधित विभागों से कार्मिक एवं संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की है। इनमें दर्शकों के भोजन की व्यवस्था के लिए इंडेन गैस सिलिंडर, मेले में रोशनी के लिए विद्युत व्यवस्था, सफाई के लिए सफाई कर्मियों की तैनाती तथा खाद्यान्न व्यवस्था शामिल है।
पत्र में विद्युत व्यवस्था के लिए विद्युत उपखंड कर्णप्रयाग, सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका गौचर तथा खाद्यान्न व्यवस्था के लिए खाद्य निरीक्षक कर्णप्रयाग से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है।
मेला अध्यक्ष रेखा बिष्ट ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देशित कर समय पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


