पीपलकोटी। नगर पंचायत पीपलकोटी के मायापुर स्थित आयुर्वेदिक अस्पताल में चारधाम यात्रा के मद्देनजर चिकित्सक की तैनाती होने पर स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली है। इस महत्वपूर्ण कदम के लिए क्षेत्र के प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता राकेश नवानी ने जिलाधिकारी को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए प्रशासन के निर्णय का स्वागत किया है।
नवानी ने जारी बयान में कहा कि हर वर्ष चारधाम यात्रा शुरू होते ही स्थानीय स्वास्थ्य सेवाएं भारी दबाव के कारण चरमराने लगती थीं। यात्रियों की बढ़ती संख्या और स्थानीय निवासियों की चिकित्सा जरूरतों के बीच तालमेल बिठाना कठिन हो रहा था। उन्होंने बताया कि मायापुर आयुर्वेदिक अस्पताल के चिकित्सक यात्रा सीजन में बद्रीनाथ शिफ्ट होने से चिकित्सक की कमी महसूस की जा रही थी, जिससे स्थानीय जनता को उपचार के लिए भटकना पड़ता था।
सामाजिक कार्यकर्ता राकेश नवानी ने विशेष रूप से जिलाधिकारी के व्यक्तिगत हस्तक्षेप की सराहना करते हुए कहा”जिलाधिकारी के त्वरित संज्ञान और संवेदनशीलता के कारण ही यात्राकाल के दौरान यहाँ चिकित्सकों की नियुक्ति संभव हो पाई है। यह निर्णय न केवल चारधाम यात्रियों के लिए मददगार साबित होगा, बल्कि स्थानीय ग्रामीणों को भी अपने घर के पास ही उचित आयुर्वेदिक उपचार मिल सकेगा।”
अस्पताल में चिकित्सक की नियुक्ति की खबर मिलते ही पीपलकोटी और मायापुर क्षेत्र के ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यात्रा सीजन में अक्सर स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी के कारण आपातकालीन स्थितियों में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था, लेकिन इस बार प्रशासन की सक्रियता से जनता को बड़ी राहत मिली है।


