सहकारिता आंदोलन को मजबूत करना और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्राथमिकता
गोपेश्वर। चमोली जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध समिति के गठन के बाद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पदों पर निर्वाचन प्रक्रिया भी संपन्न हो गई। दशोली क्षेत्र से निर्वाचित सदस्य गजेंद्र सिंह रावत को बैंक का अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित किया गया। वहीं ऊखीमठ क्षेत्र से निर्वाचित आरती देवी को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई। आरती देवी महिला आरक्षित सीट से निर्वाचित हुई हैं।समिति में चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के विभिन्न क्षेत्रों को प्रतिनिधित्व दिया गया है।
प्रबंध समिति में देवेश लाल अगस्त्यमुनि, दीपा देवी पूर्व जिला पंचायत सदस्य सैंजी दशोली, रेखा देवी, कांता देवी कर्णप्रयाग, भूपेंद्र सिंह घाट, प्रदीप सिंह जोशीमठ, रघुवीर सिंह पोखरी और राज्य सरकार द्वारा नामित पुरुषोत्तम शास्त्री शामिल हैं।
अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद गजेंद्र सिंह रावत ने कहा कि जिले में सहकारिता आंदोलन को और मजबूत करना उनकी प्राथमिकता होगी। किसानों, छोटे कारोबारियों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों तक बैंकिंग सुविधाओं की पहुंच बढ़ाने के साथ ही सहकारी समितियों को सशक्त बनाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।
पूर्व जिला पंचायत दीपा देवी कहा कि बैंक के कार्यों में पारदर्शिता और जनहित को प्राथमिकता दी जाएगी। सहकारी बैंक की योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक किसानों और ग्रामीणों तक पहुंचाने के लिए प्रयास किए जाएंगे।
गजेंद्र सिंह रावत के निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित होने पर भाजपा कार्यकर्ताओं, सहकारिता क्षेत्र से जुड़े सदस्यों और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने उन्हें बधाई दी। समर्थकों ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में जिला सहकारी बैंक नई ऊंचाइयां हासिल करेगा और जिले में सहकारिता क्षेत्र को और मजबूती मिलेगी।

