3.65 लाख श्रद्धालु कर चुके दर्शन, जवानों का बढ़ाया हौसला
चमोली। हेमकुंड साहिब यात्रा के दूसरे चरण में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए एसपी चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने हेमकुंड साहिब और घांघरिया पहुंचकर सुरक्षा एवं यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेकने के साथ श्रद्धालुओं से संवाद कर यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
एसपी ने घांघरिया चौकी का निरीक्षण कर पुलिस, होमगार्ड, पीआरडी और एसडीआरएफ जवानों की समस्याएं सुनीं। 10 अक्टूबर को कपाट बंद होने और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए अधिकारियों को सुरक्षा तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे जवानों के साथ भोजन कर उनका उत्साह बढ़ाया और उपहार भी वितरित किए।
एसडीआरएफ से आपदा राहत एवं बचाव तैयारियों की जानकारी लेते हुए आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और बेहतर समन्वय के निर्देश दिए। इस वर्ष 23 मई को कपाट खुलने के बाद अब तक 3.65 लाख श्रद्धालु हेमकुंड साहिब पहुंच चुके हैं।
इस दौरान एडीएम विवेक प्रकाश, गुरुद्वारा प्रबंधन ट्रस्ट के मैनेजर मोनू सिंह और चौकी प्रभारी अमनदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


