चमोली। हाट-सियासैंण, मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुई दुर्घटना के बाद लापता श्रमिकों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। अभियान के दौरान एक और श्रमिक को टनल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। उसे तत्काल जिला चिकित्सालय गोपेश्वर भेजा गया है।
इसके बाद अब एक श्रमिक की तलाश शेष रह गई है। लापता श्रमिक तक पहुंचने के लिए रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
टनल के अंदर जमा स्लज और मलबे को लगातार हटाया जा रहा है। साथ ही पानी की निकासी के लिए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरणों की मदद ली जा रही है। पानी और मलबा हटाए जाने से रेस्क्यू टीमों की आवाजाही आसान बनाने के साथ ही संभावित स्थानों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
रेस्क्यू अभियान में जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से जुटी हैं। अभियान की लगातार निगरानी की जा रही है और जरूरत के अनुसार अतिरिक्त संसाधन व उपकरण मौके पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं।
लापता श्रमिक की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए टनल के अंदर हर संभावित स्थान की बारीकी से जांच की जा रही है। रेस्क्यू टीमें श्रमिक तक पहुंचने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुटी हुई हैं।

