कर्णप्रयाग। ब्लॉक सभागार कर्णप्रयाग में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकसित भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 से प्रारंभ हुई यह यात्रा केवल शासन परिवर्तन की नहीं, बल्कि विकास, सुशासन, सेवा और जनविश्वास की नई कार्यसंस्कृति स्थापित करने की यात्रा रही है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल करते हुए वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री जनधन योजना, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जल जीवन मिशन तथा स्वच्छ भारत मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों नागरिकों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
भरत चौधरी ने कहा कि डिजिटल गवर्नेंस और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण प्रणाली के माध्यम से योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाया जा रहा है। इससे पारदर्शिता बढ़ी है, जवाबदेही सुनिश्चित हुई है तथा भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित हुआ है। कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में केंद्र सरकार के प्रयास उल्लेखनीय रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आधारभूत ढांचे के विकास को अभूतपूर्व गति मिली है। राष्ट्रीय राजमार्गों, ग्रामीण सड़कों, रेलवे नेटवर्क, हवाई अड्डों, मेट्रो सेवाओं और डिजिटल कनेक्टिविटी का व्यापक विस्तार हुआ है। वंदे भारत ट्रेन, अमृत भारत स्टेशन योजना और भारत नेट परियोजना जैसी पहलें विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर एक आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त राष्ट्र के रूप में उभरा है। राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूती, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा जनभागीदारी आधारित अभियानों ने देश को नई दिशा और नई पहचान प्रदान की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का लक्ष्य वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित करना है और इसी संकल्प के साथ निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए कीर्तिमान स्थापित करता रहेगा।
इस अवसर पर विधायक कर्णप्रयाग अनिल नौटियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्त्वाल, नगर पालिका कर्णप्रयाग के अध्यक्ष गणेश शाह, नगर पालिका गोपेश्वर के अध्यक्ष संदीप रावत, कर्णप्रयाग ब्लॉक प्रमुख दीपिका मैखुरी, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

