गोपेश्वर। जनपद के विकासखंड दसोली के अंतर्गत ग्राम पंचायत गौणा (भनाली) से एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहाँ भारी वर्षा के दौरान अचानक गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से लगभग 413 बकरियों की दर्दनाक मृत्यु हो गई थी। इस प्राकृतिक आपदा ने स्थानीय पशुपालक परिवारों की कमर तोड़ दी है और उनके सामने जीवनयापन का गंभीर संकट खड़ा कर दिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आज एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी से मुलाकात की। मुलाकात के दौरान प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए उन्हें तत्काल उचित मुआवजा देने की माँग की गई।जिलाधिकारी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया और संबंधित विभाग को तत्काल सर्वे कर प्रभावितों को शीघ्र राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भी एक ज्ञापन प्रेषित किया गया है। इसमें विशेष परिस्थिति को देखते हुए ‘मुख्यमंत्री राहत कोष’ से अतिरिक्त आर्थिक सहायता प्रदान करने की अपील की गई है।
पशुपालकों पर टूटा दुखों का पहाड़ ग्रामीणों का कहना है कि इन परिवारों की पूरी आजीविका इन्हीं पशुओं पर टिकी थी। एक ही झटके में सैकड़ों बकरियों की मौत हो जाने से इन निर्धन परिवारों के पास अब आय का कोई साधन शेष नहीं बचा है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने सरकार से गुहार लगाई है कि आपदा की इस घड़ी में बिना किसी विलंब के पीड़ितों की मदद की जाए।
यह केवल पशुओं की हानि नहीं है, बल्कि कई परिवारों के भविष्य पर प्रहार है। प्रशासन से उम्मीद है कि राहत कार्य कागजों तक सीमित न रहकर धरातल पर जल्द दिखाई देगा।


