चमोली।उत्तराखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, नैनीताल के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चमोली एवं नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चमोली विंध्याचल सिंह के नेतृत्व में किया गया। अभियान के तहत जिलाधिकारी कार्यालय गोपेश्वर से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोपेश्वर तक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके पश्चात बालिका इंटर कॉलेज से गैस गोदाम, मंडल रोड तक श्रमदान कर क्षेत्र में बिखरे जैविक एवं अजैविक कूड़े-कचरे को एकत्रित किया गया तथा पृथक-पृथक निस्तारण हेतु डंपिंग जोन भेजा गया।
स्वच्छता अभियान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पुनीत कुमार, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सचिन कुमार पाठक, नगर पालिका परिषद गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी अनिल पंत, वन विभाग एवं जिला न्यायालय के कर्मचारीगण सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर जनपद न्यायाधीश विंध्याचल सिंह ने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। वहीं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण पुनीत कुमार ने कहा कि योग केवल शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य का माध्यम नहीं है, बल्कि यह मनुष्य और प्रकृति के बीच सामंजस्य का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को अपनाकर ही स्वस्थ एवं जागरूक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने और स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।


