चमोली। विश्व रक्तदाता सप्ताह के उपलक्ष्य में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा चमोली द्वारा नगर पालिका परिषद जोशीमठ में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र के युवाओं, व्यापारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए कुल 43 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का आयोजन भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी चमोली के जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश डोभाल के संयोजन में किया गया, जबकि रक्त संग्रहण का कार्य उत्तराखण्ड ब्लड सेंटर की टीम द्वारा संपन्न कराया गया।
इस अवसर पर रूप सिंह, यशपाल डूंगरियाल, नैन सिंह भंडारी, किशोर सिंह तथा प्रदीप नौटियाल ने कहा कि रक्तदान महादान है और एक यूनिट रक्त कई जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है। उन्होंने लोगों से नियमित रक्तदान करने और समाज में इसके प्रति जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में नगर पालिका परिषद जोशीमठ, व्यापार मंडल जोशीमठ तथा शाकंभरी डायग्नोस्टिक फार्मा एवं लैब, जोशीमठ का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके इस योगदान से जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
शिविर के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे मानव सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल बताया।


