Read Time:2 Minute, 12 Second
शिविर में 89 शिकायतें दर्ज, 54 शिकायतों का मौके पर निस्तारण
चमोली।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर उप जिलाधिकारी राजकुमार पाण्डेय की अध्यक्षता में जन जन की सरकार, जन जन के द्वार के तहत सोमवार को दशोली विकासखण्ड के राइका निजमुला(ब्यारा) में बहुउद्देशीय शिविर कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान यहां जनपद के 15 विभागों की ओर से स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार की जन उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी गई। बाल विकास विभाग द्वारा दो महिलाओं को महालक्ष्मी किट प्रदान की गई साथ ही स्वास्थ्य विभाग, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक विभाग की ओर से ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयॉ वितरित की गई।

शिविर में ग्रामीणों द्वारा वन,कृषि,स्वास्थ्य,विद्युत एवं लोक निर्माण विभाग से सम्बन्धित कुल 89 शिकायतें दर्ज करवायी गयी,जिसमें 54 शिकायतों का निस्तारण मौके पर किया गया, जबकि शेष 35 शिकायतों के निस्तारण के लिए विभागीय अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस दौरान राज्य मंत्री कल्याण परिषद समाज कल्याण राम चंद्र गौड, एस डी एम चमोली, तहसीलदार चमोली, खंड विकास अधिकारी दशोली, निजमुला घाटी के तमाम ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी,कर्मचारी व क्षेत्र की बड़ी संख्या में जनता मौजूद रही।


