वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शीतकाल के लिए बंद हुए बदरीनाथ धाम के कपाट

jantakikhabar
1 0
Read Time:7 Minute, 34 Second

मंगलवार को उद्धव-कुबेर की देव डोलियां शीतकालीन प्रवास के लिए होंगी रवाना, योग ध्यान बदरी पांडुकेश्वर में विराजेंगी आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी

गोपेश्वर। विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरी विशाल के मंदिर के कपाट सोमवार रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर कर्क लग्न में वैदिक मंत्रोच्चार, धार्मिक परंपराओं और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साथ ही वर्ष 2026 की बदरीनाथ धाम की यात्रा का समापन हो गया। इस यात्रा वर्ष में 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन कर नया रिकॉर्ड बनाया।

कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए सोमवार को बदरीनाथ धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सेना के बैंड की मधुर धुन और भगवान बदरी विशाल के जयकारों के बीच मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा। कपाट बंद होने से पहले ब्रह्ममुहूर्त में भगवान का अभिषेक और श्रृंगार किया गया। इसके बाद सामान्य दर्शन शुरू हुए। दिनभर श्रद्धालुओं ने भगवान नारायण के दर्शन किए और सांयकालीन पूजा में भाग लिया।

सोमवार शाम आठ बजे से कपाट बंद करने की धार्मिक प्रक्रिया शुरू हुई। परंपरा के अनुसार रावल अमरनाथ नंबूदरी ने स्त्री वेश धारण कर माता लक्ष्मी को मंदिर परिसर स्थित उनके मंदिर से बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में विराजमान कराया। इसके बाद भगवान कुबेर और उद्धव जी को मंदिर परिसर में लाया गया। रावल ने भगवान बदरीविशाल की निर्वाण मूर्ति को घृत कंबल ओढ़ाया। इसके बाद रात्रि 9 बजकर 37 मिनट पर मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। इस दौरान धर्माधिकारी आचार्य स्वयंबर सेमवाल और वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए।

मंगलवार को शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना होंगी देव डोलियां

कपाट बंद होने के बाद मंगलवार 17 नवंबर को भगवान उद्धव जी, कुबेर जी और आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी शीतकालीन प्रवास के लिए बदरीनाथ धाम से रवाना होगी। भगवान गरुड़ जी सीधे ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर पहुंचेंगे। वहीं रावल और नायब रावल आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी के साथ श्री योग ध्यान बदरी मंदिर पांडुकेश्वर में प्रवास करेंगे। इसके बाद 18 नवंबर बुधवार को आदि गुरु शंकराचार्य जी की गद्दी ज्योतिर्मठ स्थित श्री नृसिंह मंदिर में विराजमान होगी।

देव डोलियों के पांडुकेश्वर और ज्योतिर्मठ पहुंचने पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की ओर से भव्य स्वागत किया जाएगा। इसके साथ ही शीतकालीन गद्दीस्थलों पर भगवान के दर्शन शुरू हो जाएंगे।

23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

बदरीनाथ मंदिर के कपाट बंद होने के अवसर पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने देश-विदेश के श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि इस यात्रा वर्ष में 23.50 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों में कपाट बंद होने के बाद शीतकालीन यात्रा को प्रोत्साहित किया जा रहा है, ताकि श्रद्धालु शीतकालीन प्रवास स्थलों पर भी धार्मिक पर्यटन का लाभ उठा सकें।

बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती और विजय कप्रवाण तथा मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़ ने यात्रा को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी विभागों, संस्थाओं और तीर्थ पुरोहित समाज का आभार जताया।

भावुक हुए श्रद्धालु

कपाट बंद होने के दौरान कई श्रद्धालु भावुक नजर आए। भगवान के अंतिम दर्शन कर श्रद्धालुओं ने अगले यात्रा वर्ष में दोबारा बदरीनाथ धाम पहुंचने की मनौती मांगी। रविवार को हुई बारिश और बर्फबारी के बाद सोमवार को धाम में चटक धूप खिली रही। सर्द मौसम के बीच सुहावने वातावरण ने श्रद्धालुओं को दर्शन का विशेष अनुभव कराया।

इस अवसर पर ज्योतिष्पीठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज, दंडी स्वामी मुकुंदानंद जी महाराज, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती व विजय कप्रवाण, मुख्यमंत्री के सलाहकार माधव सेमवाल, मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह रांगड़, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सतीश लखेड़ा, पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश मैखुरी, सदस्य धीरज पंचभैया मोनू, देवीप्रसाद देवली, प्रह्लाद पुष्पवान, राजेंद्र डिमरी, राकेश भंडारी, नीलम पुरी, रजनीश भट्ट, पूर्व उपाध्यक्ष किशोर पंवार, डिमरी पंचायत अध्यक्ष आशुतोष डिमरी, सचिव भगवती डिमरी, श्रेयांस द्विवेदी, पूर्व धर्माधिकारी भुवन चंद्र उनियाल, वीरेंद्र असवाल, डीजीसी प्रकाश भंडारी, अधिशासी अभियंता विपिन तिवारी, राकेश सेमवाल, राजन नैथानी, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी सुनील पुरोहित सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Avatar

About Post Author

jantakikhabar

9897129437 गोपेश्वर चमोली ranjeetnnegi@gmail.com
Happy
Happy
0 %
Sad
Sad
0 %
Excited
Excited
0 %
Sleepy
Sleepy
0 %
Angry
Angry
0 %
Surprise
Surprise
0 %

Average Rating

5 Star
0%
4 Star
0%
3 Star
0%
2 Star
0%
1 Star
0%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Subscribe US Now

[mc4wp_form id="88"]
Share
error: Content is protected !!