युवाओं को बीमारियों से बचाने के लिए योग, व्यायाम और बेहतर खानपान पर रहेगा उत्तराखंड लोक विरासत का फोकस
देहरादून। उत्तराखंड की लोक संस्कृति, परंपराओं और विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ ही युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से उत्तराखंड लोक विरासत इस बार विशेष पहल करने जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को पतंजलि परिसर में उत्तराखंड लोक विरासत के प्रतिनिधि केपी जोशी ने आचार्य बालकृष्ण से मुलाकात कर उन्हें लोक विरासत के तहत आयोजित होने वाले डोल-नाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।
इस अवसर पर जागर सम्राट डॉ. प्रीतम भरतवाण भी मौजूद रहे। मुलाकात के दौरान प्रदेश और देश के युवाओं को बीमारियों से बचाने, बचपन से ही योग, व्यायाम और संतुलित खानपान की आदत विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
केपी जोशी ने बताया कि उत्तराखंड लोक विरासत इस वर्ष लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के साथ युवाओं के बेहतर स्वास्थ्य को भी अपनी प्राथमिकताओं में शामिल कर रहा है। संस्था का प्रयास है कि नई पीढ़ी को पारंपरिक विरासत से जोड़ने के साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने में युवा अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें।
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड लोक विरासत का आयोजन इस वर्ष 28 और 29 नवंबर को देहरादून स्थित सोशल बलूनी स्कूल बाईपास परिसर में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े विभिन्न आयोजन आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

