देहरादून।उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस को ‘शौर्य दिवस’ के रूप में भव्य और गरिमामयी ढंग से मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम ऐतिहासिक गांधी पार्क में आयोजित होगा, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों के परिजनों, वीरांगनाओं और माताओं को सम्मानित करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान के निर्देशन में अपर जिलाधिकारी (एफआर) के.के. मिश्रा ने कलक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश दिए गए।
देशभक्ति के रंग में रंगेगा शहर
संस्कृति विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि 25 जुलाई की शाम 5 बजे से शहर के प्रमुख चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाए। वहीं मुख्य समारोह में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित की जाएंगी।
स्कूली बच्चों के लिए प्रतियोगिताएं
शिक्षा विभाग जूनियर वर्ग के विद्यार्थियों के लिए पेंटिंग तथा सीनियर वर्ग के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित करेगा। विजेता विद्यार्थियों को मुख्य कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।
व्यवस्थाओं के लिए विभागों को जिम्मेदारी
सैनिक कल्याण एवं परिवहन विभाग को शहीदों के आश्रितों, वीरांगनाओं और पूर्व सैनिकों के आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नगर निगम को गांधी पार्क एवं आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई, मोबाइल शौचालय और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा गया है। सैनिक कल्याण विभाग को मंच, टेंट, बैरिकेडिंग, वीआईपी बैठक व्यवस्था, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस और ट्रैफिक विभाग को यातायात और पार्किंग की समुचित व्यवस्था बनाने के लिए कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
जनप्रतिनिधियों को किया जाएगा आमंत्रित
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी को राज्यसभा एवं लोकसभा सांसदों, क्षेत्रीय विधायकों, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर निगम मेयर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों को कार्यक्रम में आमंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
समीक्षा बैठक में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल (सेवानिवृत्त) ओम प्रकाश फस्वार्ण, सहायक जिला सैनिक कल्याण अधिकारी एस.के. साहिनी, जल संस्थान के अधिशासी अभियंता आशीष भट्ट, एआरटीओ रत्नाकर सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता मुकेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


