मेला मैदान का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर
गौचर (चमोली)। उत्तराखंड के प्रसिद्ध 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के आयोजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 से 20 नवंबर तक आयोजित होने वाले सात दिवसीय मेले को भव्य और व्यवस्थित बनाने के लिए जिलाधिकारी गौरव कुमार ने सोमवार को गौचर मेला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेला मैदान के लेआउट, मुख्य मंच, विभिन्न स्टॉल, प्रदर्शनी स्थल, पार्किंग और यातायात व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले हजारों आगंतुकों, व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके लिए पेयजल, विद्युत, साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय और निर्बाध यातायात की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने अस्थायी मेला पुलिस चौकी स्थापित करने, सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन वाहन और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य पदार्थों की नियमित जांच के साथ चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, वाटर एटीएम तथा वरिष्ठ नागरिकों और बच्चों के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने को भी कहा।
जिलाधिकारी ने मेले में स्थानीय उत्पादों, हस्तशिल्प और स्वयं सहायता समूहों को पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया। उन्होंने सभी विभागों और मेला समितियों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, उपजिलाधिकारी अलकेश नौड़ियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं संबंधित कर्मचारीमौजूद रहे।

