शीतकालीन यात्रा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों को निर्देश, श्रद्धालुओं से शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील
अग्निवीरों से किया वादा निभा रही सरकार, पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजन की मंजूरी
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड में रिवर्स पलायन की दर में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। यह राज्य के लिए उत्साहजनक संकेत है। सरकार प्रवासी उत्तराखंडियों को उनके पैतृक गांवों से जोड़ने के साथ ही उनके अनुभव, ज्ञान और कौशल का उपयोग प्रदेश के विकास में करना चाहती है।
मुख्यमंत्री शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय में आयोजित प्रवासी उत्तराखंडी सम्मेलन के अवसर पर मीडिया से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रतिवर्ष प्रवासी उत्तराखंडियों के लिए सम्मेलन आयोजित करती है, जिसमें देश-विदेश में रहने वाले उत्तराखंडी बड़ी संख्या में प्रतिभाग करते हैं। यह सम्मेलन प्रवासियों को अपनी जड़ों, पैतृक गांवों, संस्कृति और विरासत से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के प्रवासी भाई-बहनों ने देश और दुनिया में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। सरकार उन्हें अपने पैतृक गांवों से जुड़ने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। अनेक प्रवासी अपने गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान दे रहे हैं। इससे गांवों के विकास के साथ ही सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने में भी मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रवासी उत्तराखंडी अपने अनुभव, ज्ञान, कौशल और सुझावों के माध्यम से प्रदेश के विकास में सहभागी बनें। प्रवासियों से मिलने वाले सुझावों और अनुभवों को विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यक्रमों में शामिल करने का प्रयास किया जा रहा है।
शीतकालीन यात्रा के लिए तैयारियां तेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शीतकालीन यात्रा के लिए सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से शीतकाल में भी उत्तराखंड आने और चारधामों के शीतकालीन गद्दी स्थलों के दर्शन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि धार्मिक मान्यताओं के अनुसार शीतकाल में चारधामों के कपाट बंद होने के बाद भगवान की पूजा-अर्चना उनके शीतकालीन गद्दी स्थलों पर की जाती है। इन स्थानों पर विधि-विधान से होने वाली पूजा का भी विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। शीतकालीन यात्रा प्रदेश की धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है।
पहले बैच के दो अग्निवीरों को पीएसी में समायोजन की मंजूरी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अग्निवीरों के संबंध में कहा कि राज्य सरकार सेना से चार साल की सेवा पूरी करने के बाद बाहर आने वाले अग्निवीरों को आरक्षण देने का अपना वादा पूरा कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले बैच के दो अग्निवीरों को 40वीं वाहिनी पीएसी में समायोजित करने की मंजूरी भी दे दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैनिकों का सम्मान उत्तराखंड की परंपरा का हिस्सा है। देश की रक्षा में योगदान देने वाले प्रत्येक सैनिक का सम्मान करना प्रदेश की गौरवशाली सैन्य परंपरा और सरकार की प्रतिबद्धता है।

